हाॅकी खिलाड़ी मुमताज की सफलता प्रदेश की अन्य बालिकाओं के लिए एक बड़ा उदाहरण

लखनऊ: 01 नवम्बर, प्रदेश की महिला कल्याण मंत्री प्रो0 रीता बहुगुणा जोशी ने देश की जूनियर महिला हाॅकी टीम में खेल रही प्रदेश की एकमात्र चयनित बालिका मुमताज खान को लेकर प्रदेश के मुख्यमंत्री से भेंट की। यह जानकारी देते हुए महिला कल्याण मंत्री ने आज अवगत कराया कि अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर देश के लिए जूनियर महिला हाॅकी टीम में खेल रही मुमताज खान सब्जी का ठेला लगाने वाले गरीब पिता की पुत्री है। मुमताज के प्रयासों में गरीबी रूकावट नहीं बनी और उसने अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर सफलताएं हासिल कर अपने प्रदेश, अपने देश का नाम रौशन किया है, साथ ही मेहनत से हासिल उसकी सफलता प्रदेश की अन्य बालिकाओं के लिए एक उदाहरण भी है।
प्रो0 जोशी ने जानकारी दी कि मुमताज को उसकी खेल उपलब्धियों के लिए प्रधानमंत्री द्वारा भी पुरस्कृत किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री महोदय भेंट के दौरान मुमताज की खेल उपलब्धियों के लिए उसका उत्साहवर्द्धन किया तथा खेल विभाग द्वारा सम्मान और खेल के लिए उत्कृष्ट व्यवस्थाएं उपलब्ध कराए जाने को कहा।
ज्ञात हो कि लखनऊ निवासी सुश्री मुमताज खान जूनियर महिला हाॅकी टीम में प्रदेश  से चयनित एकतात्र बालिका खिलाड़ी हैं और अपनी मेहनत और खेल कौशल के बल पर खेलते हुए प्रदेश की उल्लेखनीय प्रतिभा होने का गौरव प्राप्त किया है।